छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में सैकड़ों दीप जलाकर जागो वोटर का विशाल आकार बनाया गया। स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदाता जागरूकता अभियान के तहत यह पहल की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी लीना कमलेश मंडावी के नेतृत्व में शुक्रवार को पेंड्रा नगर के दुर्गा सरोवर में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को न केवल मतदान की शपथ दिलाई गई, बल्कि उन्हें लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित भी किया गया। जिले में मतदाता जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां जैसे बाइक रैली, रंगोली और कैंडल मार्च का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा चंद्राकर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक दुर्गाशंकर सोनी के साथ-साथ बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


