दामापुर| ग्राम पंचायत पेंड्री कला में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहां अखंड नवधा रामायण का आयोजन हो रहा, जिससे पूरा गांव श्रीराम भक्ति में लीन हो गया है। मंदिर परिसर में 24 घंटे श्रीरामचरित मानस का पाठ किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। आसपास के क्षेत्रों की रामायण मंडली भी अपनी प्रस्तुति से आयोजन को दिव्य बना रहे हैं। ग्रामीणों बताया कि यह आयोजन सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में एकता व भक्ति का प्रतीक भी है। जब पूरा गांव राम नाम में डूब जाता है, तो प्रेम, भाईचारा और शांति का संदेश भी स्वतः फैलता है। गांव के लोगों ने मिलकर भक्तों के लिए भोजन, प्रसाद व भंडारे की विशेष व्यवस्था की है। हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार आयोजन में योगदान दे रहा है। श्रद्धालु पूरे समर्पण भाव से रामायण पाठ में शामिल हो रहे हैं व सेवा कार्य में भी बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं। रामायण का संदेश श्रीरामचरित मानस के पाठ के दौरान प्रवचन हो रहे हैं, जिसमें श्रीराम के आदर्श पर विशेष चर्चा की जा रही है। युवा पीढ़ी को संस्कारों व मर्यादा का महत्व समझाने के लिए यह आयोजन विशेष प्रेरणादायक बन रहा है।


