शरीर की कई बीमारियों की जड़ मानसिक तनाव भी हो सकता है, खासकर पेट से जुड़ी समस्याओं में इसका असर तेजी से सामने आ रहा है। पेट दर्द, गैस, अपच और भूख न लगने जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे मरीजों की जांच में जब कोई शारीरिक कारण नजर नहीं आता, तो अब डॉक्टर उनकी मानसिक स्थिति की भी गहराई से पड़ताल करने लगे हैं। शहर के एक गेस्ट्रोलॉजिस्ट के पास ही रोजाना 12 से 15 ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं जिनमें मानसिक तनाव, चिंता और स्ट्रेस पेट की दिक्कतों की मुख्य वजह बन रहा है। कई मामलों में पेट से जुड़ी समस्याएं सिर्फ खानपान या इंफेक्शन की वजह से नहीं होतीं, बल्कि कई बार मानसिक तनाव भी कारण हो सकता है। फिजिकल एक्टिविटी करें गेस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. दिनेश गुप्ता ने बताया की हर पेट की समस्या तनाव से जुड़ी हो, ऐसा जरूरी नहीं है, लेकिन जब किसी तरह की जांच में कुछ भी स्पष्ट न आए तो यह मानसिक कारण भी हो सकता है। ऐसे में मरीज की पूरी हिस्ट्री ली जाती है और उसकी मानसिक स्थिति को समझकर काउंसलिंग और दवाओं के जरिए इलाज शुरू किया जाता है। इस तरह के रोजाना 12 से 15 केस आ जाते हैं, इसलिए जरूरत है कि ऐसे लक्षणों को हल्के में न लें। अपनी दिनचर्या में बदलाव लाएं, फिजिकल एक्टिविटी करें, शौक के लिए समय निकालें और सामाजिक रूप से एक्टिव रहें। हर पेट की बीमारी की जड़ स्ट्रेस नहीं, लेकिन कई मामलों में कारण यही केस 1 : एसिडिटी और जलन से परेशान महिला, इलाज में सामने आया तनाव: 35 वर्षीय महिला कई दिनों से पेट के ऊपरी हिस्से में जलन और तेजाब बनने की समस्या से परेशान थीं। उन्होंने एंडोस्कोपी सहित अन्य जांच करवाई, लेकिन सभी रिपोर्ट्स नार्मल आईं। डॉक्टर ने जब बातचीत की तो महिला ने बताया कि वह लंबे समय से घरेलू विवाद को लेकर तनाव में हैं। केस 2 : भूख न लगना और वजन गिरना, वजह निकला फाइनेंशियल स्ट्रेस:50 वर्षीय बिजनेसमैन को भूख न लगने और वजन लगातार घटने की शिकायत थी। डॉक्टर ने उनसे खुलकर बात की, तो उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे वे लगातार तनाव में हैं। केस 3 : 24 साल के युवा का बार-बार पेट खराब होना बना तनाव का कारण:एक 24 वर्षीय युवक बार-बार पेट खराब होने, कुछ भी खाकर हजम न होने की शिकायत लेकर अस्पताल आया। उसकी तमाम जांचें सामान्य आईं। डॉक्टर ने जब विस्तार से बातचीत की, तो युवक ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से विदेश जाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे वह बहुत तनाव में है।


