भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 13 वर्षीय एक लड़की का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका 7वीं कक्षा की छात्रा थी। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कोतवाली के थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि फलोज गांव निवासी सुरेश ननोमा का डूंगरपुर शहर के हाउसिंग बोर्ड में भी मकान है। उसकी 13 वर्षीय बेटी आराध्या और छोटा बेटा गांव से डूंगरपुर पढ़ने आते हैं। वहीं स्कूल के बाद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के घर में शाम तक रहते थे। शुक्रवार को बेटी आराध्या पेट में दर्द होने से स्कूल से घर जल्दी आ गई थी। जब उसका छोटा भाई स्कूल से घर आया तो गेट अंदर से बंद था और दरवाजा खटखटाने के बाद भी आराध्या दरवाजा नहीं खोल रही थी। काफी आवाज मारने के बाद भी आराध्या नहीं बोली। इस पर उसने पड़ोसियों को बुलाया। काफी आवाज लगाने के बाद भी आराध्या नहीं बोली तो पड़ोसी ने घर के अंदर जाने का रास्ता देखना शुरू किया। जब पड़ोसी छत के रास्ते देखने उतरे तो छत से घर में जाने वाला गेट खुला था। पड़ोसी ने अंदर जाकर देखा तो घर में आराध्या का शव फंदे से लटका हुआ था। इधर घटना की सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई। वहीं पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंचे। इधर एमओबी टीम ने भी मौके पर आकर जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।


