विधानसभा का नया सत्र पूरी तरह से पेपरलेस होगा। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदन में हर सीट पर टैबलेट लगवाया है। जिससे जनवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होने वाला विधानसभा सत्र पूरी तरह से डिजिटली चलेगा। आज अपने एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर अध्यक्ष देवनानी ने यह जानकारी दी। देवनानी ने कहा कि उन्होने अपने कार्यकाल के पहले ही साल में कई नवाचार किए है। उनमें यह भी शामिल हैं। उन्होने कहा कि ई-विधान की पहल से विधानसभा को पेपरलेस किए जाने का प्रयास किया गया है। आने वाला सत्र डिजिटल पद्धति से संचालति होगा। वहीं विधानसभा सचिवालय की अधिकांश कार्यप्रणाली भी पेपरलेस हो जाएगी। गुलाबी होगा सदन
नए सत्र से विधानसभा सदन का रंग भी बदला हुआ मिलेगा। वासुदेव देवनानी ने बताया कि गुलाबी नगरी के इस ऐतिहासिक विधानसभा का सदन भी नए कलेवर में गुलाबी दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि हमने सदन के कारपेट और सीट्स के कवर को हरे से गुलाबी रंग में बदल दिया है। जिससे नए सत्र में सदन भी नए रंग में दिखाई देगा। एक साल के कामकाज का दिया ब्यौरा
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अपने कार्यकाल के पहले साल के कामकाज का ब्यौरा भी दिया। उन्होने कहा कि लोकसभा की तर्ज पर पहली बार उन्होने सत्र शुरू होने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई। इसमें सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष का भी साथ मिला। वहीं विधानसभा में सदस्यों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों के जवाब उन्हें समय पर मिले। इसे लेकर भी कवायद की गई। जिसके बाद अब प्रश्नों के उत्तर समय सीमा में आने लगे हैं। इसके साथ ही विधानसभा समितियों की रिपोर्ट भी समय पर मांगना सुनिश्चित करके उन पर सदन में चर्चा भी कराई जा रही है।


