पेयजल की समस्या से परेशान ग्रामीण टंकी पर चढ़े:SDM के आश्वासन के बाद उतरे, सप्लाई सुचारू करने की मांग

गर्मियां शुरू होते ही भरतपुर जिले के कई इलाकों में पानी की समस्या शुरू हो गई है। उच्चैन थाना इलाके के जयचौली गांव में आज पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों ने गांव के पंप हाउस पर प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 10 ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गए। SDM की समझाइश के बाद सभी ग्रामीणों को पानी की टंकी से उतारा गया। सरपंच बरखंडी लाल ने बताया- जलजीवन मिशन योजना के तहत गांव के कुछ इलाकों में पानी सप्लाई की जा रही है, लेकिन कई जगह पानी की लाइन लीकेज है। कई जगह पाइप लाइन ही नहीं डाली गई है। जिसके कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। जहां पानी पहुंच रहा है वह पानी खारा है। इस वजह से पूरे गांव में पेयजल का संकट बना हुआ है। जैसे ही प्रशासन के अधिकारियों को घटना के बारे में पता लगा तो SDM भारती गुप्ता, उच्चैन थाना अधिकारी गिर्राज सिंह और जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी ने अधिकारियों से समझाइश की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि 8 दिन के अंदर ग्रामीणों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण पानी की टंकी से नीचे उतरे। बता दें कि अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए सावंत ने रविवार को PHED विभाग की बैठक ली थी। उन्होंने अधिकारियों से पूरे संभाग की स्थिति को जाना। जिसके बाद उन्होंने भी माना कि प्रदेश के और संभागों के मुकाबले भरतपुर की स्थिति बिगड़ी है, जिसमें सुधार की जरूरत है। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *