सीकर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने आज SK हाॅस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। जनरल सर्जरी ICU वार्ड में एडमिट धोद क्षेत्र के सरवड़ी गांव के पेशेंट लक्ष्मण राम से कलेक्टर मुकुल शर्मा ने पूछा क्या तकलीफ हुई थी और अब कितना आराम है? इस पर पेशेंट लक्ष्मण राम ने जवाब दिया कि सांस लेने में तकलीफ थी, अब छुट्टी मिलने तक फायदा हो जाए तो ठीक है। कलेक्टर मुकुल शर्मा ने औचक निरीक्षण के दौरान पीएमओ डॉ. केके अग्रवाल को ICU लॉबी की उखड़ रही टाइल्स की मरम्मत करवाने और साफ-सफाई को बेहतर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मुकुल शर्मा ने फीमेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती भर्ती 2 महिला सफाईकर्मियों से मुलाकात की। शनिवार को जिला स्टेडियम के पास गणतंत्र दिवस को लेकर साफ-सफाई कर रही 2 महिला सफाईकर्मियों को एक वाहन ने टक्कर मार दी थी, इसमें दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात करके उनके तबियत पूछी और घायल महिला सफाईकर्मियों से भी मुलाकात की है। दोनों ही महिलाएं अब ठीक है, घायल सुशीला देवी के पैर में चोट आई है दूसरी घायल बीना देवी के सिर में चोट आई है। पीएमओ को दोनों घायल सफाईकर्मियों का प्रॉपर मेडिकल ट्रीटमेंट देने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के SK हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान उनके साथ पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, सफाई कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष सुरेश ढिकिया सहित अस्पताल प्रशासन और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में बने फाउंटेन की साफ-सफाई करवाकर चालू करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मुकुल शर्मा ने आईसीयू, ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया।


