रीवा शहर के एसएफ चौराहा क्षेत्र में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ऑटो ने पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे इलाज के लिए शासकीय संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7 बजे खुशबू प्रजापति एसएफ चौराहा से रानी तालाब की ओर पैदल जा रही थीं। वह अपने साथ केंडा लेकर जा रही थीं। इसी दौरान एसएफ चौराहा के पास पीछे से आ रहे एक ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को संभाला और तत्काल एंबुलेंस की मदद से शासकीय संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला को गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों से लोग परेशान स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएफ चौराहा और उसके आसपास के इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे सुबह के समय पैदल राहगीरों और काम पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


