खंडवा-अमरावती स्टेट हाईवे पर शनिवार रात तेज रफ्तार कार पलटने से ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। अंधेरा और लंबा टर्न होने के कारण कार ने तीन बार पलटी खाई। हादसे में कार सवार दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। मृतक की पहचान ग्राम कोरगला निवासी कपिराज पटेल (30) के रूप में हुई है। शव का रविवार दोपहर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। कपिराज एक निजी पेस्टिसाइड कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर थे। शनिवार सुबह वे कंपनी के काम से दोस्तों के साथ बुरहानपुर के देड़तलाई गए थे। देर शाम वहां से घर लौटते समय खंडवा जिले के ग्राम बोरखेड़ा के पास हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि स्टेयरिंग फेल होने से कार बेकाबू होकर पलट गई। सिर पत्थर से टकराया, मौके पर मौत कार कपिराज खुद चला रहे थे। बोरखेड़ा गांव से पहले एक लंबा टर्न है, जहां कार स्पीड में होने के कारण सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शी हीरालाल पाटिल ने बताया कि ड्राइवर साइड का कांच टूटा हुआ था। पलटी खाते समय ड्राइवर का सिर बाहर निकला और पत्थर से टकरा गया, जिससे उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने कांच फोड़कर बाकी दो घायलों को बाहर निकाला। पत्नी से कहा था- 30 मिनट में आ जाऊंगा
हादसे से ठीक 5 मिनट पहले कपिराज ने पत्नी को फोन किया था। उन्होंने कहा था, “मैं आधे घंटे में घर पहुंच जाऊंगा, भूख लगी है, खाना तैयार रखना।” लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर पहुंची। 25 दिसंबर को है पत्नी की डिलीवरी डेट
रिश्तेदारों ने बताया कि कपिराज संयुक्त परिवार में रहते थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनकी पत्नी 9 महीने की गर्भवती हैं। डॉक्टरों ने डिलीवरी के लिए आने वाली 25 दिसंबर की तारीख दी है। इससे पहले परिवार में एक डेढ़ साल की बेटी है।


