पैराफेरी पंचायतों में पट्टा समस्या को लेकर आंदोलन जारी है। जिला संघर्ष समिति गुरुवार को यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा से मिली। बैठक सर्किट हाउस में हुई। बातचीत करीब आधे घंटे चली। संघर्ष समिति संयोजक चंदन सिंह देवड़ा ने आबादी पट्टों के त्वरित समाधान की मांग रखी। उनका कहना था कि बिना पट्टे कार्रवाई होती है। इससे अक्सर टकराव की स्थिति बन जाती है। मंत्री खर्रा ने कहा कि 7 दिसंबर को विधायक दल की बैठक में मुद्दा रखा जाएगा। उन्होंने समाधान का भरोसा दिया। संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि निकाय चुनाव से पहले निर्णय नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट पर महापड़ाव होगा। ज्ञापन में 31 दिसंबर 2024 तक की बसावट को आधार मानकर पट्टे जारी करने, पुराने विवाद निपटाने, बिना नोटिस तोड़फोड़ रोकने और दूरस्थ गांवों को पेराफेरी से बाहर करने की मांगें रखी गईं। बैठक में गजपाल सिंह राठौड़, फूल सिंह मीणा, प्रमोद सामर, प्रताप सिंह राठौड़, मोहन पटेल, नंद लाल वेद समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


