गायरियावास मार्ग पर गुरुवार को एक ट्रैक्टर की ट्रॉली कच्ची सड़क में धंस गई। हाल ही में इस मार्ग पर सीवरेज लाइन डाली गई थी, लेकिन इसके लिए खोदे गए गड्ढों को मिट्टी भरकर छोड़ दिया और पक्की सड़क नहीं बनाई गई। इस लापरवाही के चलते यह हादसा हो गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। पूर्व पार्षद राजकुमारी मेनारिया ने बताया कि सुबह 10 बजे ईंटों से भरा ट्रैक्टर परशुराम चौराहे से गायरियावास की तरफ जा रहा था। तभी डी सीरिया होटल के सामने ट्रैक्टर की ट्रॉली का टायर सड़क में धंस गया। ट्रॉली पलटते-पलटते रह गई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी कंपनी ने हाल ही में इस रोड पर सीवरेज लाइन डालने का काम करवाया था। इसके बाद ठेकेदार ने गड्ढों को मिट्टी डालकर भर दिया। पक्की सड़क नहीं होने से हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से निजी बसें व अन्य वाहन भी निकलते हैं। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हादसे के बाद जेसीबी से ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकाला और गड्ढों को भरवाया गया। इस दौरान यातायात व्यवस्था भी बिगड़ गई। समाजसेवी दीपक मेनारिया, गज्जू मानावत, दीपक मेनारिया, शंकर नागदा और समस्त क्षेत्रवासियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकालने में मदद की।


