पैसे मांगने गए दोस्त को गोली मारने की एक सनसनीखेज घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। खास बात यह है कि यह वारदात कोई नई नहीं, बल्कि करीब तीन महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन पीड़ित परिवार ने अब इस वीडियो को सार्वजनिक किया है। जानकारी के मुताबिक, अमृतसर का रहने वाला एक परिवार अपने ही पैसे वापस लेने के लिए बटाला के गांव गोकूवाल गया था। बताया जा रहा है कि परिवार ने आरोपी को पहले पैसे उधार दिए थे और जब बार-बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं मिले, तो वे खुद उसके घर पहुंचे। लेकिन पैसे लौटाने के बजाय आरोपी ने अचानक गुस्से में आकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने 315 बोर की राइफल से गोली चलाईं। एक गोली सीधे पीड़ित व्यक्ति की टांग में लगी, जिससे उसकी टांग के परखच्चे उड़ गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के समय पीड़ित की पत्नी और उनका ड्राइवर भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित की पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी हथियार लेकर फायरिंग की । हालांकि यह घटना तीन महीने पहले हुई थी, लेकिन अब जाकर पीड़ित परिवार ने यह वीडियो जनता के सामने लाया है। परिवार का आरोप है कि उन्होंने उस समय पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण अब वे वीडियो को सार्वजनिक करने के लिए मजबूर हुए। पुलिस के अनुसार, फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान परमजीत सिंह संधू, निवासी गांव गोकूवाल, बटाला के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।


