रूपनगर में चाइना डोर से युवक घायल:सड़क पर जाते समय गर्दन में फंसी, 14 टांके लगे, PGI चंडीगढ़ रेफर

रूपनगर में प्रतिबंधित चाइना डोर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनंदपुर साहिब निवासी 31 वर्षीय मिथु सिंह की गर्दन पर चाइना डोर से गहरा कट लगा, जिसके बाद उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है। यह घटना मलिकपुर के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुई। मिथु सिंह आनंदपुर साहिब से रूपनगर की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल का पिछला टायर पंचर हो गया था, जिसके कारण वे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक बच्चे द्वारा उड़ाई जा रही पतंग की चाइना डोर अचानक उनकी गर्दन में फंस गई, जिससे उनके गले के बीचों-बीच गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि वे उस समय मोटरसाइकिल चला नहीं रहे थे। मिथु सिंह कपड़ों की फेरी लगाने का काम करते हैं और चार बच्चों के पिता हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। गर्दन पर लगे 14 टांके घटना के बाद मौके पर मौजूद दो युवकों ने घायल मिथु सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल रूपनगर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गर्दन पर 14 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल के डॉक्टर हरजोत सिंह ने बताया कि चाइना डोर से गर्दन पर गहरी चोट आई थी, जिसके बाद मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से चाइना डोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता से प्रतिबंधित चाइना डोर का इस्तेमाल न करने की अपील की है, क्योंकि यह राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *