जालंधर | पोदार इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से वार्षिक कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में एक ओर रंगों की छटा बिखरी नजर आई, वहीं बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल्स उनकी कड़ी मेहनत व रचनात्मक सोच का प्रमाण दे रहे थे। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. रोहिता शर्मा, विशिष्ट अतिथि वरुण नय्यर, ऋषि केश मली एवं स्कूल प्रिंसिपल राहिणी रोहित गुरुंग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने बच्चों के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कलात्मक गतिविधियों में भाग लेने से बच्चों का मानसिक विकास होता है और उनमें आत्मविश्वास की भावना जागृत होती है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पेंटिंग और ड्राइंग में टैलेंट दिखाया। बेकार पड़े सामान से उपयोगी और सजावटी वस्तुएं बनाकर वेस्ट टू बेस्ट का संदेश दिया। स्टूडेंट्स ने मिट्टी से बनी सुंदर आकृतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।


