मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए बुधवार को प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। राजस्व विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने साधू सिंह तिराहे से अटेर रोड तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर बनाए गए स्थायी चबूतरे और सीढ़ियों को बुलडोजर से तोड़कर आम रास्ते को साफ कराया गया। मुख्य तिराहे पर थी सबसे बड़ी परेशानी
साधू सिंह तिराहा पोरसा कस्बे का एकमात्र प्रमुख चौराहा है। यहीं से एक रास्ता मुरैना और दो रास्ते अटेर व भिंड की ओर जाते हैं। दुकानों के सामने बने चबूतरे और सीढ़ियों के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। प्रशासनिक कार्रवाई देखने जुटी भीड़
जैसे ही बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। कुछ दुकानदारों की ओर से हल्का-फुल्का विरोध भी देखने को मिला, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और कार्रवाई बिना किसी बड़े विवाद के पूरी की गई। अतिक्रमण हटने से होंगे ये फायदे प्रशासन के अनुसार, स्थानीय लोगों का भी मानना है कि इस कार्रवाई से कस्बे की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। एसडीएम ने कही आगे भी जारी रहेगी मुहिम एसडीएम अंबाह रामनिवास सिकरवार ने बताया कि पोरसा कस्बे में अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई जाम की समस्या को देखते हुए की गई है। लोगों द्वारा रास्ते पर स्थायी रूप से बनाए गए चबूतरे और सीढ़ियां हटाई गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि भविष्य में फिर से ऐसी स्थिति न बने।


