इंदौर में गुरुवार को आरटीओ ने स्कूली बसों का चेकिंग अभियान चलाया। कनाड़िया क्षेत्र के स्कूलों में चल रही बसों की चेकिंग की गई। इस दौरान बच्चों से पूछा कि ड्राइवर तेज स्पीड में तो नहीं चलाते। ड्राइवर बस चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल तो नहीं करते। आरटीओ टीम ने बिना परमिट चल रही दो बसों को जब्त किया है। इनसे 90 हजार रुपए जुर्माना वसूला है। वहीं, दूसरे स्कूलों की सात बसों में अनियमितताएं पाए जाने पर 35 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। बच्चों और पालकों से लिया फीडबैक
आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि इंदौर आरटीओ द्वारा कनाड़िया रोड क्षेत्र के स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच में बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित सभी दस्तावेज चेक किए गए। वाहनों का निरीक्षण भी किया गया। जिसमें वाहन की फिटनेस और परमिट शर्तों की जांच की गई। फायर सेफ्टी उपकरण, स्पीड गवर्नर की भी जांच की गई। साथ ही बच्चों और उनके पालकों से फीडबैक भी लिया गया कि ड्राइवर बस तेज गति से तो नहीं चलाते है, या बस चलाते समय मोबाइल तो नहीं चलाते। शर्मा ने कहा कि सभी शैक्षणिक संस्थान/स्कूल संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने वाहन फिट होने एवं उनके समस्त आवश्यक दस्तावेज वैध होने पर ही सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वाहनों को संचालन किया जाना सुनिश्चित करें। यह चेकिंग अभियान लगातार चलता रहेगा। मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


