पोर्टल में गड़बड़ी: ठंड में रात गुजारने को मजबूर किसान

भास्कर न्यूज |​ पत्थलगांव छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी के बीच जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में किसानों की बढ़ती परेशानियों को लेकर राजनीति गरमा गई है। बुधवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों में अनियमितता का आरोप लगाया, जिसके बाद कांग्रेसियों ने किसानों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन कलेक्टर के नाम सौंपा है। ​कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री आरती सिंह और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरगोविंद अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस दल ने पत्थलगांव, बहनाटांगर, किलकिला और केराकछार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नेताओं ने किसानों से सीधे बातचीत की और बारदाने की उपलब्धता, टोकन व्यवस्था, तराजू का वजन और रकबा निर्धारण जैसी बुनियादी कार्यप्रणालियों की पड़ताल की। इस दौरान प्रमुख रूप से मनोज तिवारी, अंकित शर्मा, छत्रमोहन यादव, मयंक रोहिला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे। ​केराकछार और पत्थलगांव केंद्रों पर किसानों ने बताया कि पोर्टल पर उनका रकबा वास्तविक जमीन से कम दर्शाया जा रहा है, जिससे वे अपना पूरा धान नहीं बेच पा रहे हैं। मुड़ेकेला के किसान भुनेश्वर यादव ने बताया कि पूर्व की ऑफलाइन व्यवस्था सरल थी। वर्तमान ऑनलाइन प्रणाली में टोकन समय पर एक्टिवेट नहीं होते, जिससे किसान अपनी बारी का इंतजार ही करते रह जाते हैं। टोकन काटने की गति काफी धीमी है, जिससे केंद्रों पर धान के ऊंचे ढेर लगे हैं और किसानों को कड़कड़ाती ठंड में रातें गुजारनी पड़ रही हैं। किसानों ने शासन से धान खरीदी की प्रति एकड़ लिमिट बढ़ाने की भी मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *