भास्कर न्यूज| कसेकेरा सरस्वती ग्राम गंगा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कसेकेरा प्रकल्प में महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक वृहद ‘गणित मेला’ का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि प्राचार्य वीरेंद्र कुमार साहू ने कहा कि हमारा संपूर्ण जीवन एक गणित है। सुबह से शाम तक की हमारी समस्त गतिविधियां कहीं न कहीं गणित से जुड़ी हैं। यह विषय न केवल गणना सिखाता है, बल्कि हमारे भीतर तार्किक सोच और समस्या समाधान का कौशल विकसित करता है। विशेष अतिथि ब्रम्ह ऊं केरकेटा ने कहा कि गणित छात्रों में समस्याओं को व्यवस्थित तरीके से हल करने और रचनात्मक रूप से सोचने की क्षमता पैदा करता है। इस दौरान विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रस्तुति की। गणित मेले में विद्यालय के भैया-बहनों ने गणितीय सिद्धांतों पर आधारित विभिन्न आयामों की शानदार प्रस्तुति दी। प्रदर्शनी में मुख्य आकर्षण रहे, गणितीय मॉडल व चार्ट के माध्यम से कठिन सूत्रों को सरल बनाते आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किया। रंगोली व पोस्टर से कला के माध्यम से ज्यामिति और अंकों का प्रदर्शन किए। खान-पान में माप-तौल और अनुपात का अनूठा संगम, खेल-खेल में गणित सीखने की नवीन तकनीकों के बारे में बताया गया। इस मौके पर आचार्य हेमलाल यादव सहित अन्य मौजूद थे।


