राजस्थान पोलो क्लब के ऐतिहासिक रामबाग पोलो ग्राउंड पर आयोजित ‘कोग्निवेरा पोलो कप 2026’ के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी जयपुर पहुंचीं। वह अपनी बहन शमिता शेट्टी के साथ रविवार सुबह की फ्लाइट से शहर आईं। जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही शिल्पा शेट्टी ने पारंपरिक अंदाज में ‘खमा घणी’ कहकर प्रशंसकों का अभिवादन किया, जिससे वहां मौजूद फैंस उत्साहित नजर आए। शिल्पा शेट्टी का जयपुर से पुराना और खास रिश्ता रहा है। वह पूर्व में आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स की सह-मालकिन भी रह चुकी हैं और राजस्थान से उनका जुड़ाव हमेशा चर्चा में रहा है। पोलो जैसे शाही और पारंपरिक खेल के फाइनल मुकाबले में उनकी मौजूदगी ने आयोजन की चमक और बढ़ाने वाली है। चंकी पांडे ने भी बढ़ाया रोमांच इससे पहले शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे भी पोलो मैच देखने जयपुर पहुंचे थे। उन्होंने पोलो के रोमांचक मुकाबले की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि जयपुर में पोलो देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि मैच के आखिरी तीन मिनट बेहद रोमांचक थे, जिसने दर्शकों को अपनी सीट से बांधे रखा। चंकी पांडे ने कहा कि पोलो एक बेहद पुराना और प्रतिष्ठित खेल है, जिसे देखना हमेशा रोमांच से भर देता है। इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्मों के मशहूर डायलॉग्स जैसे ‘आखिरी पास्ता’ और ‘आई एम जॉकिंग’ भी सुनाए, जिससे दर्शकों के बीच खूब हंसी और तालियां गूंजीं। उन्होंने वहां मौजूद दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सितारों से सजा कोग्निवेरा पोलो कप गौरतलब है कि कोग्निवेरा पोलो कप 2026 का उद्घाटन मुकाबला भी खास रहा था, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने शिरकत कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया था। लगातार फिल्मी सितारों की मौजूदगी से यह पोलो टूर्नामेंट खेल के साथ-साथ ग्लैमर का भी बड़ा केंद्र बन गया है। रामबाग पोलो ग्राउंड में आयोजित यह टूर्नामेंट न केवल पोलो प्रेमियों बल्कि शहरवासियों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।


