भास्कर न्यूज | रामगढ़ जिला समाहरणालय के सभागार में डीडीसी रोबिन टोप्पो ने बुधवार को जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विकास योजनाओं की बैठक के दौरान समीक्षा की। बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदुप्रभा खलखो ने डीडीसी रोबिन टोप्पो को पीपीटी के माध्यम से जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा संचालित विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जानकारी के बाद डीडीसी ने पोषण ट्रैकर एप में पंजीकृत लाभुकों का शत- प्रतिशत आधार सत्यापन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने पोषण ट्रैकर एप में बच्चों के वजन माप का डाटा समय पर अपलोड करने का निर्देश सभी महिला सुपरवाइजर को दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा के दौरान माह दिसंबर तक प्राप्त लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने और फर्स्ट चाइल्ड के तहत लंबित आवेदनों का सत्यापन का कार्य जल्द करने का निर्देश दिया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के चिह्नित बच्चों को कुपोषण उपचार केंद्र में रखने व उचित उपचार करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सभी चिह्नित बच्चों की सूची उनके माता-पिता के मोबाइल नंबर के साथ जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) को दिया। आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका की चयन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केन्द्रों की समीक्षा के क्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 1042 आंगनबाड़ी स्वीकृत हैं। जिनमें 447 किराए के भवन में संचालित किये जा रहे हैं। अन्य आंगनबाड़ी केंद्र सरकारी भवनों में संचालित किया जा रहे हैं। किराए के आंगनबाड़ी केन्द्रों को सरकारी भवन में स्थानांतरित करने के लिए 21 सरकारी विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। इसपर डीडीसी ने अगले माह तक चिह्नित विद्यालय में आंगनबाड़ी को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने मनरेगा एवं डीएमएफटी के तहत बनाए जा रहे आंगनबाड़ी केन्द्रों का विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। बैठक के दौरान वैसे आंगनबाड़ी जिसमें अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हैं। वहां कनेक्शन कराने का निर्देश दिया। साथ ही नए आंगनबाड़ी के निर्माण हेतु आमसभा कर जमीन चिह्नित करते हुए प्रतिवेदन संबंधित अंचलाधिकारी और जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने किराए के भवनों में संचालित सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों का क्रॉस वेरीफिकेशन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया। बैठक के दौरान डीडीसी ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लंबित भुगतान को जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया। साथ उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत प्राप्त लक्ष्य को भी पूरा करने का निर्देश दिया।


