भास्कर न्यूज | जेवरतला रोड पर्यावरण संरक्षण तथा विद्यार्थियों में हरियाली के प्रति चेतना बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा में गठित इको क्लब ने वर्षभर किए गए जागरूकता कार्यक्रमों की प्रदर्शनी लगाई। इस अवसर पर वर्षभर की गतिविधियों के फोटोग्राफ्स, पेपर कटिंग तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में बनाई गई। चित्रकलाओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत डौंडीलोहारा के सभापति एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष टूमन साहू रहे। अध्यक्षता प्राचार्य आरके देवांगन ने की। प्रदर्शनी में नशा मुक्त भारत, प्लास्टिक मुक्त भारत, सुरक्षित धरती-हरित धरती, स्वच्छ भारत, संरक्षित वन, एक पेड़ मां के नाम, वर्ल्ड एड्स डे, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शित की गई। टूमन साहू ने कहा कि प्रकृति की रक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मिशन लाइफ के अंतर्गत टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए यह एक सराहनीय प्रयास है। प्राचार्य आरके देवांगन ने कहा कि इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरित करने का उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इको क्लब प्रभारी अजय पाठक एवं सहयोगी हेपशीबा एंथोनी के वर्षभर के प्रयास की प्रशंसा की। प्लास्टिक मुक्त भारत निर्माण का संकल्प लिया हेपशीबा एंथोनी ने कहा कि इको क्लब के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया है। अजय पाठक ने कहा कि हमारा उद्देश्य धरती को स्वच्छ और हरा-भरा बनाना होना चाहिए, जिससे भविष्य में जल संकट जैसी समस्याओं से बचा जा सके। क्लब के संचालन में पवन सिन्हा एवं रीना बोरकर का सहयोग रहा। चंद्रमणि वासनिक, टीएल देवांगन, रेशमी साहू, चंद्रा देबनाथ, पवन सिन्हा, रीना बोरकर, भागवत साहू, वेदप्रकाश साहू आदि मौजूद थे।


