प्रजनन काल में नर सांप करते हैं इलाकाबंदी, जो हारता है वे छोड़ते हैं इलाका

मुरारी सिंह | हजारीबाग प्रजनन काल के समय सांप भी अपना इलाका बंदी करते हैं। अपना क्षेत्र घोषित करते हैं। नर सांप के घोषित क्षेत्र में कोई दूसरा नर आ जाता है तो उसके साथ टेरिटोरियल फाइट (इलाके के लिए वर्चस्व की लड़ाई) होता है। इसमें हारने वाले नर को उस इलाके को छोड़ना पड़ता है। अप्रैल-मई में धामण या नाग टेरिटोरियल फाइट करते दिख जा रहे हैं। इसमें नर एक दूसरे के सिर को नीचे गिराने का प्रयास करते हैं। अपने सिर को ऊंचा दिखाने का प्रयास करते हैं। सर्प विज्ञान में इसे कॉम्बैट डांस बताया गया है। यह दो नर के बीच वर्चस्व की लड़ाई है। इसी को लोग प्रणय नृत्य (मेटिंग डांस) समझते हैं। लोगों के बीच ऐसी मान्यता है कि प्रणय लीला कर रहे सांप के ऊपर लाल कपड़ा डालने से वह कपड़ा महत्वपूर्ण हो जाता है और उसे घर में लाने से लक्ष्मी बढ़ती है। नियो ह्यूमन फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश बताते हैं कि इस समय सांपों के नजदीक जाने का प्रयास नहीं करें। नजदीक जाना खतरनाक हो सकता है, वह अप्रत्याशित रूप से बाइट कर सकते हैं। लाल कपड़ा से घर में लक्ष्मी बढ़ती तो सबसे ज्यादा पैसा संपेरों के पास होना चाहिए था। सांप ठंडे खून वाले (कोल्ड ब्लडेड) होते हैं। उनके शरीर का तापमान पर्यावरण द्वारा नियंत्रित होता है। ज्यादा ठंड या ज्यादा गर्मी में खासकर जब ह्यूमिडिटी बढ़ी हुई हो सांप चिड़चिड़े हो जाते हैं। इस समय इनमें दंश करने की प्रवृत्ति बढ़ जाती है। इस समय सांप शीतनिद्रा (हाइबरनेशन/ब्रुमेशन) से बाहर आने के बाद अधिक सक्रिय होते हैं। भोजन की तलाश करते हैं। मेटिंग के लिए विचरण करते हैं। इसी वजह से मानव के साथ इनका सामना होता है। सर्दी में सांप और मनुष्य का सबसे कम सामना होता है। ठंड के महीनों में कई साँप निष्क्रिय पड़े रहते हैं। हजारीबाग में विषधर की तीन प्रजाति पाई जाती है हजारीबाग जिले में नाग या गेहुंअन की दो प्रजाति स्पेक्टेकल्ड और मोनोक्लेट, करैत की दो प्रजाति कॉमन करैत और बैंडेड करैत तथा वाइपर की दो प्रजाति रसल वाइपर, ग्रीन पिट वाइपर ही विष वाले हैं। इनके अलावा हजारीबाग में मिलने वाले धामण, डोंडा, हूरहुरा, सांखड़, दोमुंहा, अजगर, उड़नी सांप, तक्षक, बैंडेड रेसर, लाल धामण, फॉरेस्टन कैट स्नेक, तेलिया सांप, कुकरी विषहीन हैं। सांप को लेकर कई भ्रांतियां हैं जो सही जानकारी नहीं होने के कारण है। संत कोलंबा कॉलेज हॉस्टल परिसर में टेरिटोरियल फाइट करता दो नर धामण।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *