राजस्थान पुलिस के ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हथुनिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 55.85 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी और इसके परिवहन में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल जब्त की है। हालांकि, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बागलिया पुल के पास गश्त कर रही थी पुलिस
घटना 18 जनवरी 2026 की है। हथुनिया थाना पुलिस बागलिया से बादाखेड़ी जाने वाले मार्ग पर बागलिया पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक मोटरसाइकिल चालक को रोकने का प्रयास किया गया। बीट कॉन्स्टेबल गिरीश कुमार ने चालक की पहचान अब्दुल हुसैन निवासी बागलिया के रूप में की। अब्दुल हुसैन कई थानों में वांछित बताया गया है। पुलिस को देखते ही आरोपी अपनी बाइक सड़क पर छोड़कर जंगल और नदी के रास्ते अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। 55.85 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद
पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल की तलाशी ली। सीट के नीचे एक प्लास्टिक की थैली में 55.85 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ। पुलिस ने एमडी और मोटरसाइकिल को नियमानुसार जब्त कर हथुनिया थाने में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी अब्दुल हुसैन निवासी बागलिया, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़ की तलाश जारी है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में थानाधिकारी उदयवीर सिंह के साथ हेड कॉन्स्टेबल राजवीर सिंह, कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार, मुकेश कुमार, गिरीश कुमार, भगवतीलाल और चालक कॉन्स्टेबल गणपत शामिल थे।


