बाइक से खेत पर जा रहे एक दंपती को पत्थरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी क्षेत्र जालोदा थाना क्षेत्र के बंबोरी गांव का है। जलोदा थाना प्रभारी पूराराम मीणा ने बताया- मोहनी बाई (50) अपने पति जीवराज (55) निवासी हड़मतिया जागीर के साथ रविवार सुबह कृषि कार्य के लिए खेत पर जा रही थी। इस दौरान बंबोरी-जलोदा एमडीआर रोड पर ढावटिया कुएं के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला मोहनी बाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति जीवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद निंबाहेड़ा रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया-सूचना के बाद मौके पर पहुंची टीम ने ट्रैफिक को सुचारू कराया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने में रखवाया गया है। मोहनी बाई के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए छोटी सादड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। स्थानीय लोगों ने की स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ढावटिया कुएं के पास स्थित चौराहा लंबे समय से हादसों का कारण बना हुआ है। यहां न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही कोई साइन बोर्ड या क्रॉसिंग चिह्न लगाए गए हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।


