प्रतापगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 462 किलो 470 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में डोडाचूरा के परिवहन में प्रयुक्त एक महिंद्रा स्कॉर्पियो एस 11 वाहन भी जब्त किया गया। जब्त किए गए डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है। जलोदा जागीर थानाधिकारी पुरा राम के नेतृत्व में एक टीम गश्त कर रही थी। जलोदा जागीर बस स्टैंड पर गश्त के दौरान छोटीसादड़ी रोड की तरफ से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और जलोदा जागीर बस स्टैंड से बंबोरी की तरफ जाने वाले रोड पर मुड़कर भागने लगा। इसी दौरान बंबोरी की तरफ से आ रहे एक ट्रेलर से स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा टकरा गया, जिससे गाड़ी का पिछला टायर नाली में उतर गया और स्कॉर्पियो फंस गई। गाड़ी में मिले 26 कट्टे
गाड़ी फंसते ही चालक और उसके पास वाली सीट पर बैठा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में भाग गए। पुलिस ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन रात का समय होने के कारण उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो स्कॉर्पियो के अंदर काले और सफेद रंग के 26 कट्टे मिले। कट्टों को खोलने पर उनमें अधकुचला अवैध अफीम डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया। कट्टों को स्कॉर्पियो से नीचे उतारकर वजन किया गया, तो 26 कट्टों सहित कुल अवैध डोडाचूरा का वजन 462 किलो 470 ग्राम पाया गया। पुलिस ने अवैध डोडाचूरा और उसके परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो एस 11 को जब्त कर लिया है। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।


