प्रतापगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड इलाके में गुरुवार रात एक कॉलेज छात्र फंदे से लटका मिला। युवक यहां कमरा किराए पर लेकर रह रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को फंदे से उतारा और शव मॉर्च्युरी में रखवाया। कमरे में हलचल नहीं होने पर पुलिस को दी सूचना पुलिस ने बताया-धमोत्तर के टीला धोबड़ निवासी पंकज (22) पुत्र धुला मीणा के रूप में मृतक की पहचान हुई है। आसपास के लोगों ने गुरुवार रात करीब 9 बजे कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी थी।पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो पंकज फंदे से लटका मिला। पुलिस ने उसे तुरंत फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चार भाइयों में सबसे छोटा था पंकज चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह पढ़ाई को लेकर गंभीर था और पिछले चार वर्षों से हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में किराए के कमरे में अकेला रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे मृतक के बड़े भाई जीतमल ने जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच अधिकारी बिशन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।


