प्रतापगढ़ शहर के वाटर वर्क्स रोड पर रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक पर लाठियों और पाइप से हमला कर दिया गया। हमले में युवक का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय से उदयपुर रेफर किया गया है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय फारूक पुत्र महमूद कुरैशी के रूप में हुई है। वह पेशे से टैक्सी चालक है। पुलिस के अनुसार, 3 जनवरी को फारूक मुल्तानपुरा, मध्य प्रदेश से एक युवती और प्रतापगढ़ के गोपालगंज निवासी अमन पिता नजमुद्दीन गोरी को अपनी ऑल्टो कार से नीमच छोड़कर आया था। इस मामले को लेकर उसी दिन दोनों पक्षों में आपसी राजीनामा भी हो गया था। घर जाते समय रास्ते में घेरा रविवार शाम फारूक बस स्टैंड से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह वाटर वर्क्स रोड स्थित हरिजन मोहल्ले के सामने पहुंचा, तभी चार-पांच मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 12 से ज्यादा युवकों ने उसे घेर लिया। इसके बाद लाठियों और पाइप से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिसे परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पैर में गंभीर फ्रैक्चर, उदयपुर रेफर परिजन घायल फारूक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर्स ने उसकी हालत गंभीर बताई। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच, टीमें गठित सूत्रों के मुताबिक, हमलावर मुल्तानपुरा और सुभाष चौक क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


