मुख्य चुनाव आयुक्त ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा:देवघर-दुमका के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे, मंदिर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, की सराहना

भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने दो दिवसीय देवघर और दुमका दौरे पर देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने झारखंड की जनता को ‘जोहार’ कहा। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि और लोकतंत्र की मजबूती के लिए बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने की बात कही। एयरपोर्ट से वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां कुछ देर विश्राम करने के बाद बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना देवाधिदेव महादेव की नगरी देवघर पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रभारी रमेश परिहत की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच षोडशोपचार विधि से विशेष पूजा कराई गई। इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने रुद्राभिषेक किया और गर्भगृह में बाबा का जलाभिषेक कर श्रद्धाभाव से शीश नवाया। उन्होंने देश और प्रदेश में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न होने की कामना की। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन रहा मुस्तैद मुख्य चुनाव आयुक्त के मंदिर दर्शन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती रही। प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते नजर आए। मंदिर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, की सराहना पूजा-अर्चना के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की और देवघर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास करने की बात कही। नौलखा मंदिर और एम्स देवघर का किया भ्रमण ​​​​​​​निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त ऐतिहासिक नौलखा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इसके बाद शाम 5 बजे उन्होंने एम्स देवघर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एम्स भ्रमण के दौरान संस्थान के वरीय पदाधिकारियों से उनकी मुलाकात भी हुई। संध्या आरती में हुए शामिल, दौरे को माना जा रहा अहम शाम 6 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त पुनः बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे और संध्या आरती में शामिल होकर बाबा की आराधना की। उनके इस धार्मिक और प्रशासनिक दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मुख्य चुनाव आयुक्त के देवघर आगमन को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे देवघर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *