प्रतापगढ़ में एक बुजुर्ग की सैलून में दाढ़ी बनवाते समय हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। घटना गोपालगंज गेट के अंदर प्रताप टॉकीज के पास गुरुवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार एक बुजुर्ग दाढ़ी बनवाने के लिए सैलून पहुंचे थे। दाढ़ी बनवाने के दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया और वे वहीं गिर पड़े। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस के एएसआई अमृतलाल मीणा और कांस्टेबल खेमचंद तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक की पहचान और उनके परिजनों का पता लगाने में जुटी है।


