प्रतापगढ़ कोतवाली के लालबाग इलाके में एक धार्मिक स्थल के बाहर दीवार निर्माण को लेकर तनाव पैदा हो गया। सूचना पर बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन एकत्रित हो गए और दीवार को हटाने की मांग पर अड़ गए। सूचना के बाद एसडीएम और डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित कर दीवार को ध्वस्त किया गया। डीसएपी बलवीर सिंह ने बताया-दोपहर 3 बजे कोतवाली क्षेत्र के लालबाग इलाके में धार्मिक स्थल के आगे दीवार निर्माण किया जा रहा था। इसकी सूचना पर कई संगठन के लोग मौके पर पहुंचे और अवैध निर्माण बताकर विरोध किया। इस पर मौके पर एसडीएम मणिलाल तीरगर और डीएसपी समेत पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। इस दौरान करीब 2 घंटे तक विवाद चलता रहा। इसी दौरान मौके पर तहसीलदार और पटवारी को मौके पर बुलाकर जमीन की नपती करवाई। एसडीएम ने बताया-नपती में सामने आया कि दीवार का निर्माण तय सीमा से आगे बढ़कर किया जा रहा था। इस पर जेसीबी की मदद से दीवार को ध्वस्त किया गया। साथ ही मौके पर मौजूद सभी लोगों से शांति की अपील की। मौके पर पहुंचे तहसीलदार उज्जवल ने बताया-जिस स्थान पर दीवार का निर्माण करवाया जा रहा था वह जैन मंदिर की जमीन है। जिसे वहां के ट्रस्टी द्वारा अन्य धार्मिक स्थल को दान में देना बताया जा रहा है। इसे लेकर भी लोगों में आक्रोश देखा गया। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मामले में कार्रवाई की भी मांग की है।


