प्रतापगढ़ में नकली पुलिसकर्मी को किया गिरफ्तार:नकली पहचान बताकर शिक्षिका से शादी की, धौंस जमाकर फ्री कटिंग करता था

अरनोद थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक फर्जी पुलिसकर्मी बनकर आमजन और दुकानदारों पर रौब झाड़ता था। आरोपी ने नकली पहचान के आधार पर एक सेकेंड ग्रेड शिक्षिका से शादी भी कर ली थी। प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त अरनोद के सुपरविजन में थानाधिकारी अरनोद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 24 जनवरी को पुलिस को मिली थी सूचना
पुलिस थाना अरनोद को 24 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरनोद कस्बे में एक व्यक्ति लंबे समय से खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए हेड कॉन्स्टेबल पंकज कुमार के नेतृत्व में एक टीम को कस्बे में भेजा गया। पुलिस टीम बस स्टैंड अरनोद स्थित एक हेयर सैलून पर पहुंची। वहां दुकानदार ने एक युवक को ‘जय हिंद’ कहकर संबोधित किया। पूछताछ करने पर दुकानदार ने बताया कि वह युवक पुलिसकर्मी है। पुलिस टीम द्वारा पूछे जाने पर आरोपी ने खुद को राजस्थान पुलिस में कार्यरत बताया और अपने मोबाइल फोन में पुलिस वर्दी पहने हुए तस्वीरें भी दिखाईं। आरोपी ने अपना नाम उमेश डामोर (23 वर्ष) निवासी पीपलखूंट बताया। पुलिस लाइन प्रतापगढ़ से पुष्टि करने पर पता चला कि इस नाम का कोई भी व्यक्ति पुलिस विभाग में कार्यरत नहीं है। शादी के लिए वर्दी बनवाई
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी उमेश डामोर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि शादी करने के उद्देश्य से उसने राजस्थान पुलिस की फर्जी वर्दी बनवाई और उसमें तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर डालीं। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर उसने एक सेकेंड ग्रेड शिक्षिका से शादी की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि वह कई लोगों को खुद को पुलिसकर्मी बताकर गुमराह करता था। हेयर सैलून में मुफ्त कटिंग कराने के लिए भी वह पुलिसकर्मी होने का दावा करता था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से पुलिस वर्दी में और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें बरामद की हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर फर्जी पुलिस वर्दी भी जब्त कर ली गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *