प्रतापगढ़ जिले के धमोत्तर थाना क्षेत्र के भवरदल मदुरा तालाब गांव में एक 17 वर्षीय युवक ने अपने घर के बाहर नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने सुबह युवक को पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल धमोत्तर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को पेड़ से नीचे उतारा। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की म़ॉर्च्युरी में रखवाया। पिता ने दोपहर करीब 3 बजे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। धमोत्तर थाने के जांच अधिकारी गोपीचंद मीणा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


