सुहागपुरा थाना क्षेत्र के पाड़लिया गांव में गुरुवार दोपहर एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 24 वर्षीय गंगा पुत्री नारायण मीणा के रूप में हुई है। घटना करीब दोपहर 1:30 बजे की बताई जा रही है। घटना के समय गंगा घर पर अकेली थी। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर बल्ली पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर सुहागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। पिता और भाई थे बाहर, मां के साथ घर में थी परिजनों ने बताया कि मृतका के पिता नारायण मीणा और भाई कमलेश मीणा प्रतापगढ़ काम से गए हुए थे। इस बीच कमलेश मीणा की पत्नी कला ने फोन पर सूचना दी कि गंगा ने घर के अंदर फांसी लगा ली है। इसके बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। गुरुवार शाम लगभग 5:10 बजे शव अस्पताल पहुंचने के कारण पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को किया जाएगा। एक महीने पहले हुई थी सगाई सुहागपुरा थानाधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया- मृतका अपने तीन भाइयों की इकलौती बहन थी और घर-गृहस्थी के कार्यों में हाथ बंटाती थी। उन्होंने कहा कि युवती की सगाई करीब एक महीने पहले ही हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


