प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत एनडीपीएस के मामले में पांच माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी मेहमूद खान (50) को दबोच लिया। आरोपी देवल्दी, अरनोद निवासी है और पुलिस को उसकी तलाश लंबे समय से थी। यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन और थानाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने निरंतर दबिशें देते हुए आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी, जिस वजह से गिरफ्तारी संभव हो सकी। अगस्त में नाकाबंदी के दौरान मिला सुराग यह मामला 10 अगस्त 2025 को दर्ज हुआ था, जब अरनोद थाना क्षेत्र में घोडाघट्टा तिराहा पर पुलिस की नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान देवल्दी निवासी बाबर खान (31) के पास से 9.5 ग्राम एमडी और किशोर उर्फ फारूख खान (36) के पास से 25.5 ग्राम एमडी बरामद हुई। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/22 के तहत प्रकरण संख्या 135/2025 दर्ज किया गया। जांच के दौरान बाबर और किशोर उर्फ फारूख ने बताया कि जब्त की गई एमडी उन्होंने मेहमूद खान से खरीदी थी। इसी बयान के बाद मेहमूद खान इस मामले का मुख्य वांछित आरोपी बन गया और तभी से फरार चल रहा था। 23 दिसंबर को कोटड़ी में दबोचा गया आरोपी लगातार खोजबीन और दबिशों के बाद 23 दिसंबर 2025 को कोटड़ी थानाधिकारी और उनकी टीम ने आरोपी मेहमूद खान को हिरासत में लिया। पूछताछ और अनुसंधान में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/22 और 29 के अंतर्गत अपराध प्रमाणित पाया गया, जिसके बाद उसे विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की जांच पर ध्यान केंद्रित कर रही है।


