प्रतापगढ़ सरपंच कैलाश मीणा का निधन:नेशनल हाईवे 56 पर बस से टकराई बोलेरो, इलाज के दौरान तोड़ दम

प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में ग्राम पंचायत खेड़ा नारसिंह माता के सरपंच कैलाश चंद मीणा (36)का निधन हो गया। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर बावड़ी खेड़ा और धमोतर के बीच हुआ, जब उनकी बोलेरो एक लग्जरी बस से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, सरपंच कैलाश मीणा पारिवारिक कार्य से प्रतापगढ़ जा रहे थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे उनकी बोलेरो गाड़ी सामने से आ रही एक स्लीपर बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कैलाश मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कैलाश मीणा भेरू घाटी, थाना धमोतर के निवासी थे और एक किसान परिवार से आते थे। वे तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके परिवार में माता-पिता, बड़े और छोटे भाई, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 5 और 3 वर्ष है। मीणा गांव के विकास कार्यों और आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय रहते थे। थाना प्रभारी घीसूलाल ने बताया कि मृतक के बड़े भाई कमलेश मीणा ने शुक्रवार सुबह 11 बजे पुलिस थाना धमोतर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले में आपसी बातचीत कर रही है और सहमति बनने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कैलाश मीणा को मिलनसार और सेवाभावी नेता बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *