प्रतापपुर जनपद में सरपंच संघ का धरना, दिनभर हंगामा:हटाए गए CEO ने नए CEO नहीं दिया प्रभार, जनपद क्षेत्र के कामकाज ठप, सौंपा ज्ञापन

जनपद पंचायत प्रतापपुर में एक माह पूर्व हटाए गए CEO नृपेंद्र सिंह ने नए CEO जयगोविंद गुप्ता को प्रभार नहीं सौंपा है। इस कारण जनपद पंचायत क्षेत्र के पंचायतों के काम ठप पड़ गए हैं। नए CEO को प्रभार नहीं सौंपने को लेकर सरपंच संघ ने प्रतापपुर जनपद पंचायत कार्यालय के समक्ष धरना देकर प्रदर्शन किया। सरपंच संघ की शिकायत के बाद ही नृपेंद्र सिंह को हटाया गया था। आरोप है कि विधायक के दबाव के कारण नए CEO को प्रभार नहीं मिल पा रहा है। प्रतापपुर जनपद में पदस्थ सीईओ डा.नृपेंद्र सिंह मूलतः पशु चिकित्सक के पद पर सूरजपुर में पदस्थ हैं। उन्हें प्रतापपुर जनपद का प्रभारी सीईओ बनाया गया था। सरपंच संघ द्वारा उनकी नियुक्ति को अवैध बताते हुए लगातार उन्हें हटाने की मांग की जा रही थी। सरपंच संघ ने 21 जुलाई को जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन भी सौंपा था। 31 जुलाई को मदननगर के सरपंच व ग्रामीणों ने पंचायत में सचिव की नियुक्ति कराने के लिए रिश्वत लेने का आरोप लगा प्रदर्शन किया था। हटाने के बाद भी नहीं दिया प्रभार
प्रभारी सीईओ नृपेंद्र सिंह का 18 जून 2025 को ही तबादला कर दिया गया। इसके बावजूद वे सीईओ के पद पर जमे रहे तो सरपंच संघ ने विश्व आदिवासी दिवस के दिन जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कलेक्टर सूरजपुर ने 14 अगस्त को नया आदेश जारी कर जयगोविंद गुप्ता को सीईओ के पद पर पदस्थ किया। हालांकि भाजपाइयों ने नए सीईओ का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया था। नए सीईओ जयगोविंद गुप्ता ने 18 अगस्त को ज्वाइन किया, लेकिन डा. नृपेंद्र सिंह ने उन्हें प्रभार नहीं दिया। इससे जनपद क्षेत्र के काम ठप पड़े हैं। इसके विरोध में सरपंच संघ ने बुधवार को प्रदर्शन किया। दिनभर हंगामा, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
सरपंच संघ ने जनपद कार्यालय के समक्ष दिनभर नारेबाजी की और नए CEO को नियमानुसार प्रभार दिलाने की मांग की। मौके पर तहसीलदार चंद्रशीला जायसवाल पहुंची और सरपंच संघ के पदाधिकारियों से बात की। पदाधिकारियों ने कहा कि हम नियमानुसार सीईओ को पदभार दिलाए जाने की मांग कर रहे हैं। प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते के दबाव के कारण सीईओ को प्रभार नहीं दिया जा रहा है। सरपंच संघ ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर सूरजपुर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। मांगें नहीं मानी तो उग्र आंदोलन
सरपंच संघ के प्रदर्शन में शामिल हुए जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह आयाम ने कहा कि डा. नृपेंद्र सिंह मनमानी कर रहे थे। नए सीईओ को कार्यभार नहीं दिया जा रहा है। सरपंच परेशान हो रहे हैं। पीएम आवास, पेंशन प्रभावित हो रहा है। नए सीईओ को तत्काल प्रभार दिया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *