रांची | धुर्वा के होटवासी में नवनिर्मित चार मंदिरों में प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान के चौथे दिन गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण कराया गया। मोहल्ले की काफी संख्या में स्त्री-पुरुष भगवान के नगर परिक्रमा में शामिल हुए। खुले वाहन से सभी देवी-देवताओं के छोटे प्रारूप को पहले टुंडुल की दो मंदिरों में ले जाया गया। इसके बाद 32 एकड़ स्थित मंदिर ले जाया गया। इसके बाद महुआटोली होते हुए होटवासी गांव स्थित दो मंदिरों में सभी प्रतिमा को ले जाकर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद नवनिर्मित मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई। वाराणसी से पंडित ललन प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे पुरोहितों ने बताया कि गुरुवार को सबसे पहले अन्नाधिवास से भगवान को जगाकर बाहर निकाला गया। सभी का देवस्नान कराया गया। देर शाम सभी प्रतिमाओं का शैयाधिवास कराया गया। शुक्रवार को प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान होने के बाद हवन व आरती की जाएगी।


