प्रतिमानाथ मंदिर में मकर संक्रांति का मेला आज से, दूर-दूर से आएंगे श्रद्धालु

बिरनी में घने जंगलों और कल-कल कर बहती बराकर नदी के बगल में भगवान शंकर की प्रतिमानाथ धाम मंदिर स्थित है। जहां हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर 14 और 15 जनवरी को भव्य मेले का आयोजन होता है। जिसमें आसपास के गांवों को अलावा अन्य जिलों और राज्यों से भी लोग मेले का आनंद लेने पहुंचते हैं। ग्रामीणों की मानें तो मेला के दिन यहां भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। सबसे पहले श्रध्दालु यहां पवित्र नदी में डुबकी लगाकर स्नान करते हैं। इसके बाद मंदिर में भगवान शंकर की पूजा कर सुख- समृद्धि की कामना करते हैं। मेला में लोहे की धातु से बनी पारंपरिक शस्त्र व कृषि उपयोगी वस्तुओं का क्रय विक्रय खूब होता है। यहां की प्राकृतिक छटा और मंदिर की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि मानों भगवान शंकर यहां साक्षात निवास कर रहे हों। क्षेत्र में प्रतिमानाथ धाम के नाम से विख्यात इस शिव मंदिर में हजारों वर्षों से लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। यहां हर रोज श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहता है। ईश्वर की कलाओं से परिपूर्ण इस मंदिर की चारों ओर घने जंगल हैं। चारों तरफ घने सखुआ के पेड़ और उसके बगल से कल-कल कर बहती बराकर नदी की धारा लोगों को खूब आकर्षित करती है। यही वजह है कि बिरनी व आसपास के प्रखंडों के युवाओं की पहली पसंद प्रतिमाधाम है। यहां युवाओं की भारी भीड़ उमड़ती है। साल के शुरुआत से लेकर जनवरी का पूरा महीना यहां पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। प्रतिमनाथ शिव मंदिर के पास अपने मस्ती में बह रही बराकर नदी में स्नान करने सालों भर श्रद्धालु आते हैं। सबसे ज्यादा भीड़ मकर स्नान के वक्त रहता है। मंदिर के बगल से बहने वाली बराकर नदी का सबसे बड़ी खासियत यह है कि बराकर नदी उत्तरायण बहती है, जिस कारण श्रद्धालुओं की मकर स्नान के दिन भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। नदी का उत्तरायण बहाव के कारण पितृपक्ष, श्राद्ध स्नान में भी यहां लोगों की भारी भीड़ रहती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *