गोल चौराहा स्थित एसी रिपेयरिंग दुकान में शॉर्ट सर्किट और एसी ब्लास्ट से रविवार सुबह करीब 10:30 बजे कांग्रेस नेत्री व प्रदेश कांग्रेस महासचिव राखी सतरावला की 3 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। दुकान में रखे रबर फोम व ज्वलनशील सामग्री के कारण आग दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गई। करीब डेढ़ घंटे चले रेस्क्यू में हाइड्रोलिक मशीन से खिड़कियां तोड़कर किराएदार युवतियां अन्नपूर्णा (22) और शिवानी (22) तथा दो पालतू डॉग को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धुएं से दम घुटने पर युवतियों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां वे खतरे से बाहर हैं। आग बुझाने मंदसौर, पिपलियामंडी, सुवासरा और नगरी से फायर फाइटर्स बुलाए गए। रेस्क्यू के दौरान सीएसपी जितेंद्र भास्कर ने दूसरी मंजिल से 12 गैस सिलेंडर बाहर निकलवाए। इनमें आग लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था।


