भारतीय व्यापार मंडल प्रदेश इकाई की ओर से फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के सहयोग से राष्ट्रीय ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के साथ अमृतसर बिजनेस मीट-2026 मंगलवार को होगी। 3 मार्च को दोपहर 3 बजे से होटल ताज पैलेस में बिजनेस मीट का आयोजन किया जाएगा। बिजनेस मीट में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी। बैठक में बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी विशेष तौर से शामिल होंगे। बिजनेस मीट के आयोजक एवं व्यापार मंडल के प्रदेश प्रधान राजीव अनेजा ने बताया कि मीट के मुख्यातिथि अफ्रीका में भारत सरकार के स्पेशल सलाहकार डा. दीपक वोहरा होंगे। बोर्ड के सदस्य एवं फेडरेशन आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय प्रधान डॉ. संजय बांसल भी विशेष तौर से मीट में शिरकत करेंगे। अनेजा ने बताया कि बोर्ड के चेयरमैन के समक्ष प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों को विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि चेयरमैन को दिए जाने वाले ज्ञापन के तहत उन्हें प्रदेश को 30 हजार करोड़ रुपए का पैकेज देने एवं विशेष रियाततें प्रदान करने की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले आतंकवाद फिर कोरोना, बाद में पहलगाम घटना तथा ऑपरेशन सिंदूर के नतीजन व्यापार मंदी के दौर से गुजर रहा है। व्यापारी विशेषकर टैक्सटाइल इंडस्ट्री एवं रेडीमेड गारमेंट्स उद्योग से संबंधित उद्योगपति यहां से जम्मू कशमीर व हिमाचल प्रदेश में पलायन करने को मजबूर हैं। इसे रोकने के लिए जरुरी है कि व्यापार को पटरी पर लाया जाए तथा व्यापारियों को विशेष आर्थिक पैकेज प्रदान किया जाए। सरकार से व्यापार के लिए भारत पाक वाघा सीमा खोलने की मांग भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अमृतसर में यूनिटी मॉल जल्द स्थापित करने की मांग भी उठाई जाएगी।


