प्रदेश में 6 सड़क हादसों में 13 की जान गई:जयपुर में तेज रफ्तार एंबुलेंस पलटी, मरीज व भाई की मौत

प्रदेश में 6 अलग-अलग सड़क हादसों में दो भाइयों, 4 दोस्त, मां-दो बेटियों और दो मासूमों सहित 13 लोगों की मौत हो गई। एक गर्भवती सहित 3 लोग गंभीर और 6 घायल हैं। जयपुर के करधनी इलाके में मंगलवार शाम 7 बजे एक्सप्रेसवे पर निवारू पुलिया के पास हार्ट पेशेंट को चौमूं से जयपुर लेकर आ रही एंबुलेंस पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार मरीज, उनके 3 भाई, एंबुलेंस चालक, कंपांउडर व एक अन्य घायल हो गए। लोगों ने सभी को कांवटिया और आस-पास के अस्पतालों में पहुंचाया। जहां मरीज झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी ​निवासी सिराजुद्दीन (67) और उनके छोटे भाई फिरोज अली को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना थाने के एएसआई रघुनंदन ने बताया कि एंबुलेंस में मरीज सिराजुद्दीन के साथ उनके छोटे भाई फिरोज, आमीन, मेराज, चालक प्रकाश, कंपाउंडर वेद प्रकाश व साथी मोहन सवार थे। परिजनों ने बताया कि सिराजुद्दीन को कार्डिक अरेस्ट के चलते चौमूं के बराला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां स्टंट डलने के बाद मंगलवार को मानसरोवर स्थित एक अस्पताल में रेफर किया था। ऐसे में कुछ परिजन मरीज के साथ एंबुलेंस में और कुछ दूसरी गाड़ी में चल रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी जाम में फंस गई। कुछ देर बाद एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे तो एंबुलेंस पलटी मिली। उनके पहुंचने से पहले ही घायलों को वहां से ले जाया जा चुका था। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से अजमेर की तरफ वाली लेन पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। महाकाल दर्शन से लौट रहे दोस्तों की कार ट्रक में घुसी, 9 किमी घिसटती गई, 4 की मौत, 1 बचा दौसा | दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई। इनमें 2 चचेरे भाई थे। हादसा दौसा के राहुवास थाना इलाके के खेमपुरी में पिलर नंबर 203 के पास हुआ। यह इतना खतरनाक था कि ट्रक में फंसी कार घिसटती हुई 9 किमी दूर पिलर नंबर 193 तक पहुंच गई। हादसे में पूर्वी दिल्ली के पारस अग्रवाल (35), वंदना एनक्लेव खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद के प्रिंस उर्फ सत्यम गुप्ता, राहुल गुप्ता (35) तथा नंदग्राम गाजियाबाद के विक्रम सिंह (30) काे मौत हो गई। पिछली सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आई। भीलवाड़ा : ट्रक बाइक पर पलटा, युवक की मौत मंगरोप (भीलवाड़ा) | भीलवाड़ा–चित्तौड़गढ़ हाईवे पर सोमवार शाम बनास नदी की पुलिया के पास बेकाबू ट्रक डिवाइडर पर चढ़कर बाइक पर पलट गया। इसमें बि​जली निगम के लाइनमैन ओज्याड़ा निवासी पूनम चंद्र स्वर्णकार (30) की मौत हो गई। पूनम की तीन दिन पहले ही सगाई हुई थी। वह बाइक से हमीरगढ़ से भीलवाड़ा की ओर जा रहा था। पाली : टक्कर से 2 मासूम की मौत, गर्भवती घायल पाली | सोजत लुंडावास स्थित एक आश्रम में मंगलवार को श्रद्धालु आए हुए थे। उदयपुर के सादणा निवासी अंशी देवी पत्नी खुमानराम (8 माह की गर्भवती), दुर्गेश (3) पुत्र सुरेश निवासी मोगिया और कैलाश (3) पुत्र कर्माराम निवासी सुख बावड़ी, उदयपुर सड़क किनारे चल रही थी। तभी पीछे से तेज गति कार ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मासूमों की मौत हो गई, जबकि अंशी देवी गंभीर घायल हो गईं। नागौर: सड़क किनारे खड़ी महिला और 3 बेटियों को ट्रेलर ने कुचला, तीन की मौत, एक बेटी गंभीर
लाडनूं (नागौर)| गोरेड़ी के पास सोमवार शाम सड़क किनारे खड़ी महिला और उनकी 3 बेटियों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। पुलिस के अनुसार मंडा बासनी हाल लाडनूं निवासी शारदा देवी (47) पत्नी गिरधारी, बेटी योगिता (12), निकिता (10) व अक्षिता (15) के साथ खड़ी थीं। तभी ट्रेलर ने कुचल दिया। रिश्तेदार अस्पताल ले गए। योगिता, निकिता व शारदा देवी को मृत घोषित कर दिया गया। अक्षिता गंभीर घायल है। बूंदी: बाइक भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, कोटा रेफर… डाबी (बूंदी) | नेशनल हाइवे-115 पर मंगलवार शाम पर नाइका गांव के पास सड़क हादसे में रामचंद्र बंजारा (22) की मौत हो गई। साथी अशोक बंजारा गंभीर घायल हो गया। बताया जा रहा है कि रामचंद्र और अशोक बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। सूचना पर एएसआई जितेंद्र सिंह ने आकर घायलों को डाबी सीएचसी पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने रामचंद्र को मृत घोषित किया। गंभीर घायल अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा अस्पताल रेफर किया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गोवर्धनपुरा गांव में शोक छा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *