बारां| प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को 25 साल पूरे हो चुके हैं। इस योजना से जिले की 294 बस्तियों को जोड़ा गया है। 1476 किमी सड़क और 12 पुल का निर्माण किया है। योजना में पिछले 25 साल में बारां जिले के 294 गांवों के लिए करीब 438 करोड़ रुपए की लागत से 1476 किमी सड़क व 12 पुलों का निर्माण करवाया है। इसके पहले चरण में जिले में करीब 302 करोड़ रुपए की लागत से 1172 किमी ऑलवेदर पक्की सड़क बनाकर 283 गांवों को जोड़ा। वहीं 333 किमी सड़कों का चौड़ाईकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य किया है। योजना के दूसरे चरण में जिले में 40 करोड़ रुपए की लागत से 100 किमी लंबाई की सड़कों का चौड़ाईकरण सृदृढ़ीकरण कार्य करवाया है। तीसरे चरण में भी मौजूदा मार्गों व ग्रामीण संपर्क मार्गों को उन्नत किया। जिससे गांवों को कृषि बाजार, कॉलेजों, अस्पतालों, अन्य किसान संबंधित उद्यमों तक सुगम एवं त्वरित कनेक्टिविटी हो सके। इस चरण में अब तक जिले में 85 करोड़ रुपए की लागत से 183 किमी की 23 सड़कों का चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया है। बारां जिले की शाहबाद व किशनगंज ब्लॉक की सहरिया जनजाति बहुल 100 से अधिक आबादी की 31 बस्तियांें को ऑलवेदर पक्की सड़कों से जोड़ने की मुुहिम शुरू की है। 11 करोड़ की लागत से 22 किमी सड़क निर्माण कर 11 बस्तियों को जोड़ा जा चुका है। शेष काम किया जा रहा है। योजना में पीडब्ल्यूडी ने पिछले 25 साल में 75 हजार किमी ऑलवेदर पक्की सड़कों का निर्माण कर 15983 गांवों को जोड़ा है। चौथे चरण के लिए 1638 बसावटें ऑलवेदर सड़क के लिए चिंहित की हैं। प्रथम फेज में 1216 बसावटों के लिए सड़क व एक पुल का निर्माण करवाया जाएगा। इसमें करीब 2 हजार 89 करोड़ रुपए की लागत से 3219 किमी नई सड़क बनेगी।


