जिले में अब दिसंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी का असर बढ़ रहा है। इसके कारण लगातार कोहरे प्रकोप भी बढ़ गया है। सोमवार देररात को इस सीजन में पहली बार घना कोहरा रहा। इसके कारण दृश्यता घटकर 20 मीटर तक रह गई। वाहन भी बिल्कुल धीरे-धीरे रेंगते रहे। इसका सबसे ज्यादा असर नेशनल हाईवे 27 पर रहा। जहां पर रात के समय ट्रैफिक धीमी गति से निकला। घना कोहरे छाए रहने के कारण जनजीवन भी प्रभावित रहा। मंगलवार सुबह 9 बजे तक शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। हालांकि इसके बाद मौसम साफ रहने से लोगो को राहत मिली। जिले में मंगलवार को सुबह के समय जिलेभर में कोहरे का असर रहा। सुबह 6 से 9 बजे तक वाहनों को घने कोहरे के कारण धीमी गति से निकलना पड़ा। दिसंबर के अंत में अब लगातार सर्दी का असर बढ़ रहा है। हालांकि मौसम दिनभर साफ रहा और धूप निकली। आगे क्या: उत्तरी हवा बढ़ाएगी सर्दी, मौसम केंद्र जयपुर निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दिसंबर के आखिर में अब सर्दी और भी बढ़ेगी। यह लगातार जनवरी अंत या फिर फरवरी महीने तक बनी रहेगी। पिछले दिनों राज्य में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। लेकिन अब वापस तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। हिमालय के कई क्षेत्रों में बर्फबारी भी शुरू हुई है। इसके असर से अब उत्तरी हवा सर्दी लेकर मैदानी क्षेत्रों में पहुंचेगी। इसके चलते अब वापस तापमान में गिरावट होगी। हालांकि वर्तमान में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम सामान्यत: शुष्क रहने की संभावना है।


