भास्कर न्यूज | बेमेतरा गर्भवती महिलाओं के स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व के लिए जिले में 24 नवंबर को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) चलाया जाएगा। सीएमएचओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रत्येक माह की 9 और 24 तारीख को जिले की सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रसव पूर्व जांच के लिए यह विशेष अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में 24 नवंबर को जिला अस्पताल बेमेतरा, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और चयनित उप स्वास्थ्य केंद्रों में (पीएमएसएमए) दिवस मनाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम वाले लक्षणों की समय से पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है, जिससे मातृ मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण जांच, सोनोग्राफी सुविधा और पीएमएसएमए फ्लो चार्ट के अनुसार सभी आवश्यक चरणों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। विशेषज्ञ स्त्री रोग विशेषज्ञ, निजी चिकित्सक भी इस दिन विशेष रूप से सेवाएं प्रदान करेंगे। अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण संबंधी मार्गदर्शन, संस्थागत प्रसव की अनिवार्यता, प्रसव पूर्व सावधानी तथा खतरे के लक्षणों की पहचान के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उचित समय पर दी गई परामर्श सेवा व चिकित्सा हस्तक्षेप मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में अत्यधिक सुधार लाते हैं। सीएमएचओ डॉ. अमृत लाल रोहलेडर और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं को 24 नवंबर को अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पहुंचकर पीएमएसएमए दिवस पर होने वाली जांच व परामर्श सेवाओं का लाभ लेने कहा है। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान जिले में गर्भावस्था से जुड़े जोखिमों की समय पर पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने का एक प्रभावी माध्यम बन गया है। नियमित जांच से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य रहेंगे।


