प्रधानमंत्री से परीक्षा पर चर्चा के लिए जशपुर से दिल्ली पहुंचा छात्र रविशंकर

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर दिल्ली में आयोजित होने वाली पैनल परिचर्चा में छत्तीसगढ़ से चयनित तीन छात्रों में से एक छात्र रविशंकर राम शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 वीं का छात्र है। बता दें कि वर्ष 2018 से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में पहली बार जशपुर जिले के किसी छात्र को यहां पहुंचने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ के चयनित तीन छात्रों के दल के साथ छात्र रविशंकर राम दिल्ली पहुंचकर 12 जनवरी के कार्यक्रम में शामिल हुआ। कलेक्टर रोहित व्यास ने छात्र रवि शंकर राम को इसके लिए बधाई दी है। यह कार्यक्रम बिल्डिंग फोकस एंड मेमोरी-द स्पोर्ट्स मेंटेलिटी थीम पर आधारित था। परीक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान और परीक्षा के भय को दूर करने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर साल बच्चों से चर्चा-परिचर्चा करते हैं। इस कार्यक्रम के लिए देश से 2 करोड़ 94 लाख से अधिक और छत्तीसगढ़ से 19 लाख से अधिक बच्चों ने अपना पंजीयन कराया है। 2018 से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के फार्मेट में इस बार बदलाव किया गया था। प्रधानमंत्री के साथ परीक्षा पे चर्चा के पहले अलग-अलग थीम पर 12 जनवरी से कार्यक्रम हुआ, जिसमें बच्चों ने अपनी बात रखी। परीक्षा पर चर्चा में छात्र रविशंकर के चयन पर डीईओ प्रमोद कुमार भटनागर, जशपुर बीईओ कल्पना टोप्पो सहित अन्य ने खुशी जाहिर की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *