भास्कर न्यूज | जालंधर मंडी मार्केट कमेटी द्वारा तय किए गए रेटों से अधिक पैसे वसूलने को लेकर मकसूदां सब्जी मंडी के अंदर माहौल दिन-ब-दिन खराब होता जा रहा है। दो दिन पहले मकसूदां सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिशन के प्रधान महेंद्रजीत सिंह बंटी को जान से मारने की धमकी मिलने पर कार्रवाई न होने को लेकर सब्जी विक्रेताओं और आढ़तियों में मंडी मार्केट कमेटी के प्रति काफी रोष देखने को मिल रहा है। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई न करने को लेकर शनिवार को फ्रूट मंडी, सब्जी मंडी और सब्जी विक्रेताओं ने मीटिंग की। इस मीटिंग के दौरान गोली चलने की अफवाह भी उड़ी कि एडवोकेट से गोली चली है और मौके पर किसी को लगी भी है। लेकिन इस बात की पुष्टि न तो पुलिस की तरफ से की गई और न ही आढ़तियों की तरफ से। प्रधान महेंद्रजीत सिंह बत्रा ने कहा कि ठेकेदार के खिलाफ कोई भी कार्रवाई किसी तरफ से नहीं की जा रही। इसे लेकर विशेष मीटिंग की गई थी। इस दौरान पता चला कि गोली चली है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। चेयरमैन मोनू पुरी और प्रधान महेंद्र जीत सिंह बत्रा ने कहा कि मीटिंग में फैसला हुआ है कि सोमवार से मंडी मार्केट कमेटी को कोई भी फीस नहीं दी जाएगी जब तक ठेकेदार का ठेका रद्द नहीं किया जाता। इसके साथ ही फैसला लिया गया है कि सब्जी विक्रेताओं के साथ मिलकर मंडी के सभी आढ़ती वीरवार से अनिश्चितकालीन के लिए हड़ताल पर रहेंगे। मंडी को पूर्ण तौर पर बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही व्यापारियों और कारोबारी को और जो लोग सामान लेकर आते हैं उन्हें दो दिन पहले ही इसकी सूचना दे दी जाएगी, ताकि उनका भी किसी तरीके से नुकसान न हो। क्योंकि कितनी बार ठेकेदार के खिलाफ शिकायत देने पर भी मंडी बोर्ड ने उस पर बनती कार्रवाई नहीं की और वह अभी भी चार गुना पैसे गाड़ियों के ड्राइवर से ले रहा है। अगर किसी भी आढ़ती को कुछ होता है तो मंडी बोर्ड और पार्किंग ठेकेदार जिम्मेदार होंगे। इस मौके पर चेयरमैन मोनू पुरी, रवि शंकर गुप्ता, डिंपी सचदेवा, गुलशन, रोहित, नारंग, प्रवेश, सनी, विशाल गुलाटी, वैभव, पवन मदान आदि अन्य मैंबर मौजूद रहे।


