प्रधान पाठक ने बच्चों को जीवन में चुनौतियों का सामना करने की सीख दी और उपहार भी बांटे

भास्कर न्यूज | बेमेतरा शासकीय प्राथमिक शाला अकोला में पदस्थ राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक हिम कल्याणी सिन्हा ने जन्मदिन पर शाला के बच्चों एवं ग्रामवासियों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई, इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। नेवता भोज का उद्देश्य विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना तथा मध्यान्ह भोजन को अधिक पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं स्वास्थ्यवर्धक बनाना है। यह आयोजन आपसी लगाव, समरसता और समानता की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने बताया कि पिछले 18 वर्षों से बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाती आ रही हैं। उनका कहना है कि बच्चों के साथ उत्सव मनाने में ही वास्तविक खुशी मिलती है। 5 फरवरी को आयोजित नेवता भोज में बच्चों को खीर, पूरी, केक, मिठाई, मिक्सचर, केला, सेब, चावल, दाल, आलू-मटर, पापड़ एवं सलाद परोसा गया। इस अवसर पर शिक्षाविद डाकवर ठाकुर ने गीत प्रस्तुत किया। इसी दौरान कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें छोटे बच्चों ने विदाई दी। प्रधान पाठक हिम कल्याणी सिन्हा ने बच्चों को जीवन में चुनौतियों का सामना करने की सीख दी और सभी विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप पानी की बोतल भेंट की। कार्यक्रम में सहायक शिक्षक हेमलता ठाकुर, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *