प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी बुधवार को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहे। मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सरकार की एक साल की उपलब्धियां गिनाई। वहीं पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। राजस्थान सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि पिछली सरकार की गलत नीतियों के कारण राजस्थान बीमारू राज्य की श्रेणी में चला गया था, लेकिन हमारी सरकार इसे विकसित राज्य बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि प्रवासी उद्योगपतियों को राजस्थान में निवेश के लिए प्रेरित किया गया। जिसके परिणामस्वरूप राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हुए। इसके अलावा प्रवासियों के लिए अलग से विभाग बनाने की घोषणा भी की गई है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि इतना निवेश आने से राजस्थान में बेरोजगारी दूर होगी और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पिछली सरकार के समय में 19 बार पेपर आउट हुए थे, लेकिन हमारी सरकार ने एसआईटी गठित कर कई पेपर माफियाओं को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मंत्री ने बताया कि हमारी सरकार ने 5 साल में 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने यह भी बताया कि हमारी सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और मजदूरों के लिए काम कर रही है। इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने डूंगरपुर को दी गई सौगातों और उपलब्धियों के बारे में भी बताया। जिनमें सागवाड़ा में 220 केवी जीएसएस, सोमकमला बांध परियोजना से सागवाड़ा तक के लिए 125 करोड़ रुपए की घोषणा शामिल है।


