प्रभारी मंत्री बेढ़म ने चीलपुरा में वितरित किए पट्टे:विभिन्न कार्यक्रमों में लिया भाग, प्रशासनिक और विकास योजनाओं की समीक्षा की

गृह राज्य एवं जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सोमवार को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और प्रशासनिक व विकास संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। बेढ़म ने चीलपुरा में पट्टा वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने पात्र लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है, जिससे आमजन का जीवन स्तर बेहतर हो सके। इसके बाद दोपहर 3 बजे प्रभारी मंत्री जिला कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे। यहां उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बजट प्रावधानों, विकास कार्यों की प्रगति, विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के निस्तारण पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों से फीडबैक लिया और निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने के निर्देश भी दिए। समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जी राम जी योजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा आस्था और विकास से जुड़े मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाया है, जबकि वर्तमान सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। दौरे के अंत में प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म विश्नोंदा में रात्रि चौपाल में शामिल हुए। यहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के प्रयास किए। इस दौरे को लेकर जिले में प्रशासनिक हलचल बनी रही। बैठक में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एसपी विकास सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *