मंडला जिले में खराब सड़कों और लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल का बयान चर्चा का विषय बन गया है। सोमवार को जिले के दौरे पर आए प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता में सरकार की दो साल की उपलब्धियां गिनाईं। प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने पूछा कि वर्ष 2014-15 में शुरू हुआ नेशनल हाईवे-30 का निर्माण कार्य अब तक पूरा क्यों नहीं हो पाया। इस पर प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा यह काम तो पूरी जिंदगी चलता रहेगा। हम सिर्फ एक सड़क की बात नहीं कर रहे हैं, हर जगह सड़कें बन रही हैं, इसलिए यह काम आगे भी चलता रहेगा। मंत्री बोले- ठेकेदार बन रहे बड़ी समस्या मंत्री जायसवाल ने कहा कि सड़क निर्माण में ठेकेदारों की भूमिका एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि कई बार टेंडर प्रक्रिया में अच्छे ठेकेदार मिल जाते हैं, लेकिन कई जगह ऐसे ठेकेदार भी आ जाते हैं, जिनके कारण काम समय पर पूरा नहीं हो पाता। पैसा लेने के बाद भी काम अधूरा प्रभारी मंत्री ने बताया कि सरकार काम रुकने न पाए, इसके लिए ठेकेदारों को अग्रिम भुगतान तक करती है। इसके बावजूद कुछ ठेकेदार पैसा लेने के बाद भी काम पूरा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार खुद एक प्रक्रिया में फंस जाती है, जिसके कारण ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई करना आसान नहीं होता। कलेक्टर को दिए जांच के निर्देश मंत्री जायसवाल ने कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि संबंधित ठेकेदार की जानकारी ली जाए और यह पता लगाया जाए कि काम में कहां और क्यों परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि कानूनी दायरे में जो भी रास्ता निकले, उसके जरिए सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की कोशिश की जाए।


